-जमीन की वर्तमान दर में 6 प्रतिशत की बढ़ोत्‍तरी
-यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में स्‍थापित होगी ताईवान सिटी

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्‍सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण 92 वीं बोर्ड बैठक में किसानों के हित में एक अहम फैसला लिया है। निर्णय लिया है कि विकास कार्य के लिए किसानों से आपसी सहमति के आधार पर ली जाने वाली जमीनों की वर्तमान दर में 6 प्रतिशत की बढ़ोत्‍तरी होगी। सहमति के आधार पर ली जाने वाली जमीन के लिए प्राधिकरण ने दो नियम बनाए हैं। पहले नियम के तहत 4300 प्रतिवर्ग मीटर की वर्तमान दर में 6 प्रतिशत की बढ़ोत्‍तरी करते हुए नई दर 4558 निर्धारित की गई है। दूसरे विकल्‍प के तहत जमीन की दर 4037 प्रतिवर्ग मीटर या 7 प्रतिशत आबादी भूखंड देने का नियम बनाया है। साथ ही क्षेत्र में तमाम विकास कार्य कराए जाने पर भी बोर्ड बैठक में निर्णय लिया गया।

बसेगी ताईवान सिटी
प्राधिकरण के सेक्‍टर-6 में ताईवान बेस्‍ड इंडस्‍ट्री के लिए ताईवान सिटी स्‍थापित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए 300 एकड़ भूमि आरक्षित की जाएगी। निर्णय लिया गया कि सेक्‍टर 13 व 14 में 500 एकड़ भूमि पर मेडिकल हब स्‍थापित होगा। सेक्‍टर 14 में 480 एकड़ जमीन पर यूनिवर्सिटी व टाउनशिप, सेक्‍टर 34 में लगभग 36 एकड़ जमीन पर मंडी व सेक्‍टर 23-डी में 50 एकड़ जमीन पर आधुनिक स्‍टेडियम बनेगा। बैठक में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास सेक्‍टर 23 सी में अंतरराज्‍यीय बस अड्डे की स्‍थापना होगी।