एमएलसी श्रीचंद्र शर्मा ने किया प्रतियोगिता का उदघाटन
-प्रतियोगिता में सात दिनों तक विभिन्‍न श्रेणी के होंगे मुकाबले

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उमा पब्लिक स्कूल, इकोटेक-11 में सात दिवसीय नार्थ जोन एक सीबीएसई क्‍लस्‍टर बालक फुटबाल चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्‍न स्‍कूलों की 400 से अधिक टीमें हिस्‍सा ले रही हैं। टीमों के बीच अलग-अलग श्रेणी में मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता के मुख्‍य अतिथि विधान परिषद सदस्‍य श्रीचंद्र शर्मा, कर्नल रविंद्र खत्री, मनवीर नागर व डॉ प्रदीप ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में श्रीचंद्र शर्मा ने कहा कि खेल केवल विजय का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और उत्कृष्ट व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला हैं।

खेलों से विकसित होता है संस्‍कार
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. विपिन भाटी, प्रबंध निदेशक सचिन चौधरी, प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा तथा प्रधानाचार्य संजय शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं प्रतिभागी टीमों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, परिश्रम और धैर्य के संस्कार विकसित होते हैं। उद्घाटन समारोह में शिक्षकगण, प्रशिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का प्रेरणादायी वातावरण देखने को मिला। पहले दिन विभिन्‍न टीमों के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिला।