-आमजन की जरूरत के लिए जनपद में चीनी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध
-चीनी की पर्याप्त उपलब्धता हेतु डीलरों के लिए स्टॉक सीमा लागू
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: पिछले कुछ दिनों से चीनी के दाम अचानक से बढ़ने लगे हैं। साथ ही लोगों के द्वारा तमाम अफवाह भी फैलाई जा रही है। कुछ लोगों के द्वारा इसकी कालाबाजारी भी की जा रही है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन की टीम सक्रिय हो गई है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह ने बताया कि चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। चीनी की अवैध जमाखोरी तथा मुनाफाखोरी पर पर्याप्त अंकुश लगाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। आयुक्त खाद्य तथा रसद विभाग, उत्तर प्रदेश के द्वारा चीनी के डीलरों के लिए स्टॉक लिमिट लागू की गई है। उक्त स्टॉक लिमिट 30 नवंबर तक के लिए लागू है।
यह दिया निर्देश
निर्देशित किया गया कि चीनी का कोई भी डीलर ऐसे स्टॉक की प्राप्ति की तारीख से तीस दिन से अधिक अवधि के लिए किसी स्टॉक का भंडारण नहीं करेगा। देश भर में किसी भी समय पर और किसी भी स्थान में 4000 क्विंटल से अधिक चीनी का स्टॉक नहीं रखेगा। इस आदेश की कोई भी बात, चीनी के स्टॉक के भंडारण या उसे रखने को लेकर सरकारी खाते पर लागू नहीं होगी। राज्य सरकार द्वारा नामनिर्दिष्ट डीलरों या उसके द्वारा प्राधिकृत अधिकारी के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अधीन उचित कीमत की दुकानों के माध्यम से वितरण के लिए स्टॉक के भंडारण पर लागू नहीं होगी।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने यह भी बताया कि उपुर्यक्त वर्णित तथ्यों का जनपद गौतमबुद्धनगर में कड़ाई से अनुपालन कराये जाने एवं आम जनमानस को चीनी के पर्याप्त स्टॉक उपलब्धता की जानकारी देने तथा चीनी की जमाखोरी को रोके जाने हेतु तहसीलवार/क्षेत्रवार टीमों का गठन किया जा चुका है। निर्देशित किया गया है कि अपने क्षेत्रान्तर्गत जमाखोरी, मुनाफाखोरी के रोकथाम हेतु निरंतर अभियान चलाते रहें तथा अनियमतिता पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्यवाही भी सुनिश्चित कराएं।
