-पैसे की लालच में लोगों की सेहत से हो रहा खिलवाड़
-लगातार जारी है खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्ध नगर में पैसों की लालच में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करते हुए दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री हो रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग के द्वारा जारी अभियान में लगातार दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री का मामला सामने आ रहा है। विभाग ने नोएडा में एक दुकान पर रखे लगभग 100 किलो रसगुल्‍ले को नष्‍ट करा दिया। रसगुल्ला प्रदूषित अवस्था में रखे होने एवं मक्खी मच्छर पड़े होने के कारण नष्ट कराया गया। अभियान के तहत विभाग की टीम ने विभिन्‍न दुकानों से खाद्य पदार्थों के 7 नमूने एकत्र किए हैं। एकत्र किए गए सभी नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

यहां पर हुई जांच
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह एवं रविन्द्र नाथ वर्मा की टीम ने जेवर टोल प्लाजा पर चेकिंग के दौरान चौधरी डेरी पिसावा जलालपुर अलीगढ़ से दिल्ली सप्लाई के लिए जा रहे पनीर में से पनीर का 01 नमूना तथा बाजना मथुरा की भीमसेन डेरी से दिल्ली NCR में सप्लाई के लिए ले जा रहे पनीर में से पनीर के 02 नमूने लिए गए। अमर बहादुर सरोज की टीम द्वारा सेक्टर 134 बी एस बीकानेर स्वीट्स से घेवर का 01 नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल की टीम द्वारा इकोटेक 2 प्लॉट नंबर 66 स्थित शगुन स्वीट की निर्माणशाला से से 01 खोया व 01 घेवर का नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता एवं रितु सक्सेना की टीम द्वारा सरफाबाद सेक्टर 72 नोएडा स्थित प्रदीप कुमार की रसगुल्ला निर्माणशाला रसगुल्ला का 01 नमूना लेकर शेष लगभग 100 किग्रा रसगुल्ला प्रदूषित अवस्था एवं मक्खी मच्छर पड़े होने के कारण नष्ट कराए गए। इस प्रकार कुल 07 नमूना लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया।