-भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल तंवर भाटी थीं मुख्‍य अतिथि
-विद्यार्थियों ने प्रस्‍तुत किया रंगारंग कार्यक्रम

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, नॉलेज पार्क-III, में महिला उन्नति संस्थान के सहयोग से शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य शिक्षकों के समर्पण, प्रतिबद्धता एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को सम्मानित करना था। कार्यक्रम की मुख्‍य अतिथि भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल तंवर भाटी थीं। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्‍लेखनीय योगदान देने वाले विभिन्‍न स्‍कूलों के 80 शिक्षकों को विशेष रूप से सम्‍मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्‍तुत किए गए। कार्यक्रम में डी.डब्ल्यू.पी.एस. की निदेशिका कंचन कुमारी, डॉ राहुल वर्मा, अनिल कुमार भाटी, रेनू बाला शर्मा,मंजू कौल, दीपा रानी सहित अन्‍य लोग उपस्थित थे।

शिक्षकों का अहम योगदान
कार्यक्रम में मधुर गीतों एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से सुसज्जित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समारोह में उत्साह और उमंग का संचार किया। इस अवसर पर निर्मल तंवर भाटी ने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों को समर्पण भाव से कार्य करते रहने तथा युवा पीढ़ी के सर्वांगीण विकास एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के अध्यक्षों एवं प्रधानाचार्यों सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिसने इस अवसर की गरिमा को और बढ़ाया। उनकी सहभागिता ने शिक्षकों के प्रति सामूहिक सम्मान एवं कृतज्ञता की भावना को अभिव्यक्त किया। समारोह शिक्षकों के अथक प्रयासों एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के प्रति एक सार्थक सम्मान था। यह अवसर शिक्षण, नेतृत्व एवं सेवा की भावना का उत्सव मनाने वाला एक यादगार समारोह बन गया।