द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : जारचा थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी प्लांट परिसर में तेंदुआ दिखाई देने से कर्मचारियों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। प्लांट परिसर में तेंदुए के घूमने और शिकार करने का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया है। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए प्लांट परिसर में कई स्थानों पर पिंजरे लगाए गए हैं। बताया गया कि कर्मचारियों ने प्लांट परिसर में तेंदुए को घूमते हुए देखा था। इसके बाद इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों और तेंदुए की आवाजाही वाले स्थानों को चिह्नित कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वन विभाग की टीमें लगातार सीसीटीवी फुटेज की निगरानी कर रही हैं, ताकि तेंदुए की लोकेशन का पता लगाकर उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके। इसके लिए परिसर में अलग-अलग स्थानों पर पिंजरे लगाए गए हैं।

सतर्क रहने की अपील
तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए प्लांट प्रबंधन और प्रशासन की ओर से कर्मचारियों तथा आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लोगों से अकेले सुनसान स्थानों पर न जाने और तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब न जाने की अपील की गई है। वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।