-पुलिस व प्राधिकरण अधिकारियों ने की शिरकत
-साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता और सही जानकारी जरूरी

द न्‍यू गली, ग्रेटर नोएडा: पुलिस कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर एवं जिला प्रशासन गौतम बुद्ध नगर के मार्गदर्शन में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर तथा NIET ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में NIET कॉलेज में मिशन शक्ति 6.0 का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सुरक्षा, नारी सम्मान, साइबर सुरक्षा एवं यातायात सुरक्षा के प्रति छात्र-छात्राओं, महिलाओं, उद्यमियों एवं आमजन को जागरूक करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, उद्योगपतियों, महिलाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारम्भ NIET ग्रेटर नोएडा के निदेशक डॉ. विनोद कुमार द्वारा सभी अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जागरूक नागरिकों का निर्माण करना भी है। उन्होंने मिशन शक्ति जैसे जन-जागरूकता अभियानों को समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया। मुख्य वक्ता एडीसीपी (महिला सुरक्षा एवं यातायात) मनीषा सिंह, आईपीएस ने मिशन शक्ति अभियान, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण एवं रोचक जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज का निर्माण करते हैं तथा साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता और सही जानकारी सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है।

युवाओं अपील
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह, आईएएस ने छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं को शिक्षा, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के माध्यम से जीवन में उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने प्रशासनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवाओं से लोक सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत का भी दायित्व है कि प्रत्येक कार्यस्थल महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं समान अवसर वाला वातावरण प्रदान करे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन, शिक्षण संस्थानों एवं उद्योग जगत के समन्वित प्रयासों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन और अधिक प्रभावी रूप से स्थापित होगा। NIET ग्रेटर नोएडा की एडिशनल मैनेजिंग डायरेक्टर नीमा अग्रवाल ने कहा कि शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक संवेदनशीलता, नैतिक मूल्यों एवं नागरिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने मिशन शक्ति जैसे अभियानों को युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत प्रेरणादायी बताया।