द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना नॉलेज पार्क परिसर में स्थापित फैमिली डिस्प्यूट रिजॉल्यूशन क्लीनिक (एफडीआरसी) के नवीनीकरण कक्ष का शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने उद्घाटन किया। दोनों ने फीता काटकर नवीनीकृत कक्ष का शुभारंभ किया। इस दौरान अधिकारियों और अतिथियों ने एफडीआरसी की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।
इसके बाद शारदा यूनिवर्सिटी में आयोजित एफडीआरसी के वार्षिक कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पारिवारिक विवादों का समयबद्ध, संवेदनशील और संवाद के माध्यम से समाधान सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है।उन्होंने कहा कि एफडीआरसी के माध्यम से कई परिवारों को न्यायालय की प्रक्रिया में जाने से पहले ही आपसी सहमति और परामर्श के जरिए राहत मिल रही है। इससे पारिवारिक संबंधों को बचाने और उन्हें दोबारा मजबूत करने में मदद मिल रही है। उन्होंने संबंधित संस्थाओं और विशेषज्ञों से इस दिशा में समन्वय के साथ काम जारी रखने का आह्वान किया।राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण, परिवारों में संवाद और परामर्श की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एफडीआरसी जैसे मंच महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के साथ परिवारों को टूटने से बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।कार्यक्रम में शारदा यूनिवर्सिटी के चांसलर पीके गुप्ता, प्रो-चांसलर वाईके गुप्ता, शारदा स्कूल ऑफ लॉ के डीन ऋषिकेश धवे, डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीति समेत पुलिस अधिकारी, विधि विशेषज्ञ, अधिवक्ता, परामर्शदाता, विश्वविद्यालय के पदाधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



