द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सामाजिक सेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत तन्वी हेल्पिंग ग्रुप ने एक निजी कंपनी के सहयोग से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय, कचेडा बरसाबाद में शैक्षिक किट एवं राशन सामग्री का वितरण किया। विद्यालय में पढ़ने वाले 73 विद्यार्थियों को शिक्षा किट एवं राशन सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना तथा उनके परिवारों को सहयोग प्रदान करना था। शैक्षिक किट प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। इस अवसर पर तन्वी हेल्पिंग ग्रुप की सचिव पूजा चौहान एवं संस्थापक विजय चौहान की सहभागिता रही। कार्यक्रम का मार्गदर्शन एवं संरक्षक मास्टर बाल चंद नागर एवं हेमलता नागर के नेतृत्व में किया गया। ज्ञात हो कि तन्वी हेल्पिंग ग्रुप द्वारा समय-समय पर सरकारी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में शिक्षा, पोषण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सहयोग पहुँचाकर बच्चों की शिक्षा एवं उनके समग्र विकास को प्रोत्साहित करना है।

