-सेक्‍टर में न रहने वालों का भी वोटर लिस्‍ट में है नाम
-सेक्‍टर के लोगों ने दर्ज कराया कड़ा विरोध

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: अल्‍फा दो सेक्‍टर में RWA का चुनाव 4 अक्‍टूबर को प्रस्‍तावित है। चुनाव कराने के लिए कमेटी का भी गठन किया गया है। पिछले कई दिनों से RWA चुनाव की नई वोटर लिस्‍ट तैयार हो रही थी। लगभग 400 लोगों ने नई वोटर लिस्‍ट के लिए आवेदन किया था। कमेटी ने नई वोटर लिस्‍ट प्रकाशित कर दी लेकिन बड़ी संख्‍या में ऐसे लोग हैं जिन्‍होंने वोटर लिस्‍ट में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया था पर उनका नाम लिस्‍ट में शामिल नहीं हुआ। आरोप है कि कमेटी के एक सदस्‍य ने सेक्‍टर में अपना मकान बेच दिया है बावजूद लिस्‍ट में उनका नाम है। ऐसे में लोगों ने चुनाव में धांधली के प्रयास का आरोप लगाते हुए अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। मामले की शिकायत डीएम से भी की है।

एक पते पर दो नाम
सेक्‍टर के लोगों का कहना है कि नई वोटर लिस्‍ट में बड़ी संख्‍या में ऐसे नाम शामिल हैं जिन्‍होंने सेक्‍टर का मकान बेच दिया है। लोगों का आरोप है कि ऐसे लोगों नाम लिस्‍ट में शामिल कर चुनाव में धांधली की साजिश रची जा रही है। कुछ मकान के पते पर दूसरे लोगों का नाम वोटर लिस्‍ट में शामिल कर दिया गया है। कुछ मामले ऐसे भी हैं कि एक पते पर दो लोगों का नाम शामिल है। गलत लिस्‍ट प्रकाशित होने के बाद सेक्‍टर के लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों ने मांग की है कि जिन लोगों ने सेक्‍टर में अपना मकान बेच दिया है लिस्‍ट से उनका नाम हटाया जाए। साथ ही मांग की है जांच के बाद अन्‍य गड़बड़ी दूर की जाए और आवेदन करने वालों के फार्म की सही से जांच कर उनका नाम सूची में शामिल किया जाए।