द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : वेरोना हाइट्स के सैकड़ों फ्लैट खरीदारों ने पजेशन में हो रही देरी और निर्माण कार्य की धीमी गति के विरोध में शनिवार को प्रदर्शन किया। लेजर वैली स्थित वेरोना हाइट्स के गेट नंबर-1 पर सुबह करीब 10:30 बजे हुए प्रदर्शन में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों समेत बड़ी संख्या में खरीदार शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और जल्द पजेशन देने की मांग की।
खरीदारों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से अपने घर का इंतजार कर रहे हैं। इस दौरान उन्हें बैंक की ईएमआई के साथ किराये का खर्च भी उठाना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि एनबीसीसी की ओर से समय-समय पर पजेशन को लेकर आश्वासन दिए जाते रहे हैं, लेकिन निर्माण कार्य की गति संतोषजनक नहीं है। साथ ही पजेशन की स्पष्ट तिथि भी नहीं बताई जा रही है। प्रदर्शन के दौरान खरीदारों ने “घर पाना हमारा अधिकार है, एनबीसीसी की देरी पर अब हमारा प्रहार है” जैसे नारे लगाए। खरीदारों ने मांग की कि पजेशन की लिखित समय-सीमा घोषित की जाए और निर्माण कार्य की वास्तविक प्रगति की नियमित रिपोर्ट साझा की जाए।

लोगों ने की संवाद की मांग
प्रदर्शनकारियों ने एनबीसीसी और खरीदारों के प्रतिनिधियों के बीच नियमित एवं पारदर्शी संवाद की भी मांग की। खरीदारों के प्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से चल रही देरी के कारण परिवार आर्थिक और मानसिक दबाव में हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने एनबीसीसी के अधिकारियों की मौजूदगी और जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि खरीदारों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को सीधे संवाद करना चाहिए।