-इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक होगा ट्रेड शो
-विद्यार्थियों के लिए आयोजित किए जायेंगे क्विज बैटल ऑफ द बैंड्स प्रतियोगिता
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का आयोजन इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 सितंबर से शुरू होगा। इस वर्ष भी आयोजन को भव्य बनाने के लिए जोर-शोर से तैयारियां शुरू हो गई हैं। डीएम मेधा रूपम ने विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को बताया कि जनपद के अधिक से अधिक स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया जाए। ट्रेड शो में विद्यार्थियों के लिए क्विज, बैटल ऑफ द बैंड्स’ की प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। साथ ही विद्यार्थियों को विभिन्न टास्क दिये जायेंगे। टास्क पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को ट्रेड एक्सपो पासपोर्ट प्रदान किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो विद्यार्थियों को उद्योग, व्यापार, नई तकनीक, रोजगार एवं करियर के विभिन्न अवसरों को समझने और अपने ज्ञान एवं कौशल का विस्तार करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

एक छत के नीचे होंगे प्रदेश के उत्पाद
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के माध्यम से उत्तर प्रदेश की क्राफ्ट, कल्चर एवं कुजीन को व्यापक मंच प्रदान किया जाएगा। ट्रेड शो में प्रदेश के विभिन्न उत्पादों का एक ही छत के नीचे प्रदर्शन, स्थानीय हस्तशिल्प एवं उत्पादों की ब्रांडिंग, उद्यमियों एवं खरीदारों के बीच संपर्क तथा व्यापारिक अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) के अंतर्गत जनपदों के विशिष्ट उत्पादों, स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों को अपने उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने का अवसर मिलेगा।ट्रेड शो में आगंतुकों को उत्तर प्रदेश की विरासत, परंपराओं एवं खान-पान से परिचित कराने के साथ ही प्रदेश की समृद्ध कला एवं संस्कृति को अनुभव करने का अवसर मिलेगा। आयोजन के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने, उद्यमियों को सशक्त बनाने, एमएसएमई एवं स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने तथा प्रदेश की कला, संस्कृति एवं विरासत को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।डीएम ने निर्देश दिया कि स्कूल-कॉलेजों से समन्वय स्थापित करते हुए विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। विद्यार्थियों के आवागमन एवं ट्रेड शो में प्रतिभाग करने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
