द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में सोमवार शाम तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार नीरज (40) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद थार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने थार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे में नीरज की गई जान
जानकारी के अनुसार, चिपियाना निवासी नीरज सोमवार शाम अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से जा रहे थे। इटैड़ा के पास तेज रफ्तार थार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दंपती स्कूटी से दूर जा गिरे। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
थार छोड़कर चालक फरार
पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद आरोपी चालक थार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
