द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा वेस्ट : महागुन मायवुड्स सोसायटी में वेतन नहीं मिलने के विरोध में मंगलवार सुबह हाउसकीपिंग, हॉर्टिकल्चर और इलेक्ट्रीशियन समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से सोसायटी की नियमित सेवाओं पर भी असर पड़ने की स्थिति बन गई।कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। वेतन की मांग को लेकर सुबह से ही कर्मचारी सोसायटी परिसर में एकत्र होकर बैठ गए और काम करने से इनकार कर दिया। कर्मचारियों ने मांग की कि बकाया वेतन का भुगतान जल्द किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।हड़ताल में हाउसकीपिंग, हॉर्टिकल्चर और इलेक्ट्रीशियन विभाग के कर्मचारी शामिल रहे। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक वेतन से जुड़ी समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। मामले को लेकर सोसायटी प्रबंधन और संबंधित एजेंसी का पक्ष जानने का प्रयास किया जा रहा है।
