द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-63 थाना क्षेत्र से अगवा की गई तीन माह की बच्ची को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने एक पुरुष और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से बच्ची को बरामद किया गया है।पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर को बच्ची के परिजनों ने थाना सेक्टर-63 में शिकायत दी थी कि दो महिलाओं और एक पुरुष ने उनकी तीन माह की बेटी को ले लिया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए कई टीमें गठित कीं। पुलिस टीमों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू की।

कनावनी बस स्टैंड के पास से हुई गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस ने 22 सितंबर को कनावनी बस स्टैंड के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभय कुमार (36), उसकी पत्नी काजल उर्फ संगीता (28) और मनीषा (23) के रूप में हुई है। तीनों वर्तमान में हैबतपुर गांव में रह रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन माह की बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस आरोपियों से बच्ची के अपहरण के कारण और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।