-नाराज छात्रों ने कॉलेज के खिलाफ की नारेबाजी
-कॉलेज ने 3 दिन में विवाद निपटाने का दिया आश्‍वासन

द न्‍यूज गली,ग्रेटर नोएडा: प्रवेश के नाम पर जीएल बजाज कॉलेज में प्रतिवर्ष विवाद सामने आता रहता है। जिसका प्रमुख कारण है प्रबंधन के द्वारा आवंटित सीट से अधिक पर छात्रों को प्रवेश देना। बाद में छात्रों पर मथुरा कैंपस में प्रवेश लेने का दबाव बनाया जाता है। छात्रों को विभिन्‍न प्रलोभन भी दिया जाता है। इस वर्ष भी कुछ ऐसा ही हुआ। प्रबंधन के द्वारा छात्रों को कई दिनों से आश्‍वासन दिया जा रहा था कि उन्‍हें ग्रेटर नोएडा कैंपस में ही प्रवेश दे दिया जाएगा। जिन छात्रों का ग्रेटर नोएडा कैंपस में प्रवेश हो चुका था उनकी नियमित क्‍लास शुरू हो चुकी है। रशीद कटने व पैसा जमा होने के बाद भी जिन छात्रों को प्रवेश नहीं मिल पा रहा था वह कॉलेज का चक्‍कर लगा रहे थे। नाराज छात्रों ने कॉलेज के गेट पर मंगलवार को जमकर प्रदर्शन किया। जिसके बाद कॉलेज की सच्‍चाई सामने आ गई। अब प्रबंधन के सामने इन छात्रों को ग्रेटर नोएडा कैंपस में प्रवेश देने की बड़ी चुनौती है।

प्रबंधन ने दिया आश्‍वासन
बीटेक व एमबीए कोर्स के लगभग 100 छात्र ऐसे हैं जिन्‍होंने पूरा पैसा जमाकर कॉलेज के ग्रेटर नोएडा कैंपस में सीधा प्रवेश लिया था। बाद में एकेटीयू की काउंसलिंग से काफी छात्रों ने जीएल बजाज के ग्रेटर नोएडा कैंपस में सीट लॉक कर दी। ऐसे में सीधा प्रवेश लेने वाले छात्रों का मामला अटक गया। कॉलेज प्रबंधन कई दिनों से ऐसे छात्रों को मीठी घुट्टी दे रहा था। परेशान छात्रों ने मंगलवार को कॉलेज के गेट पर प्रदर्शन व नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया। जिसके बाद कॉलेज प्रबंधन की पोल खुल गई। छात्रों के भारी विरोध को देखते हुए प्रबंधन ने 3 दिन में मामले को निपटाने का आश्‍वासन दिया है। चर्चा है कि कॉलेज प्रबंधन इसके लिए सभी हथकंडे अपना रहा है।