द न्यूज गली, नोएडा : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 224 एनडीपीएस मुकदमों में जब्त किए गए करीब 12.43 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ का विनिष्टीकरण कराया। पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन दहन के तहत 22 सितंबर को जिले के विभिन्न थानों में यह कार्रवाई की गई।विनिष्टीकरण के दौरान 2253.987 किलोग्राम गांजा, 20.87 किलोग्राम चरस, दो किलोग्राम डोडा, 27 ग्राम स्मैक, 3206 नशीली गोलियां और 51 ग्राम नशीला पाउडर नष्ट किया गया। इन मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 12 करोड़ 43 लाख 42 हजार 750 रुपये बताई गई है।

पुलिस को दे सूचना
पुलिस के मुताबिक, मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के दौरान विभिन्न मामलों में बरामद नशीले पदार्थों के विनिष्टीकरण के लिए समिति गठित की गई थी। इसके बाद संबंधित मामलों में न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर जब्त मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट कराया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बड़ी मात्रा में जब्त नशीले पदार्थों के विनिष्टीकरण से मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की तस्करी या अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को अथवा डायल-112 पर दें।