द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-24 पुलिस ने बंद मकान और दुकानों के ताले व शटर तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर दुकान से चोरी किया गया सामान, एक गैस सिलेंडर, दो मुहर, दो चेकबुक, घड़ी, क्रेडिट कार्ड, सीसीटीवी कैमरा और चोरी में इस्तेमाल लोहे की सब्बल बरामद हुई है। दो आरोपियों के पास से अवैध चाकू भी मिले हैं।पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान सत्यम कुमार निवासी अररिया, बिहार, हाल निवासी मामूरा, विकास निवासी मिर्जापुर, हाल निवासी मामूरा, अमन जाटव निवासी शाहजहांपुर, हाल निवासी बसई और कृष्णा निवासी गाजीपुर के रूप में हुई है। सभी की उम्र करीब 18 से 20 वर्ष के बीच है। पुलिस ने चारों को सिटी सेंटर से सेक्टर-12/22 की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया।

सब्बल से तोड़ते थे शटर और ताले
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का सरगना सत्यम कुमार है। आरोपी लोहे की सब्बल से बंद मकान और दुकानों के ताले व शटर तोड़कर चोरी करते थे। पुलिस के अनुसार, दो अक्तूबर को आरोपियों ने मोरना गांव स्थित एक दुकान का शटर तोड़कर उसमें रखा सामान चोरी किया था। चोरी का सामान सेक्टर-33ए में गंदे नाले के पास छिपाकर रखा गया था।आरोपी चोरी किए गए सामान को एक साथ बेचने के बजाय थोड़ा-थोड़ा कर आसपास के गांवों में घूमकर मजदूरों और अन्य लोगों को बेचते थे। इससे मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे और निजी खर्च व मौज-मस्ती में खर्च करते थे।

सिगरेट से लेकर तेल और नमकीन तक बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दुकान की बिक्री का सामान बरामद किया है। इसमें 102 डिब्बी सिगरेट, एक टिन सरसों का तेल, तीन पेटी रिफाइंड तेल, 10 पैकेट चोको पाई, 51 पैकेट चिप्स, 107 पैकेट नमकीन और तीन पैकेट गुटखा/तंबाकू शामिल हैं। इसके अलावा एक गैस सिलेंडर, दो मुहर, दो चेकबुक, एक घड़ी, एक क्रेडिट कार्ड और एक सीसीटीवी कैमरा भी बरामद हुआ है।पुलिस ने सत्यम और विकास के कब्जे से दो अवैध चाकू भी बरामद किए हैं। मामले में आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-24 थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। जांच में सेक्टर-58 थाने में दर्ज चोरी का एक मुकदमा भी सामने आया है।