द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : जेवर थाना क्षेत्र में पूर्व की रंजिश को लेकर इमरान की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान जहांगीरपुर निवासी जान मोहम्मद उर्फ जानू और चांचली निवासी इदरीश के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वर्ष 2021 में उनके ताऊ की हत्या हुई थी। इस मामले में इमरान भी शामिल था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने इमरान की हत्या कर दी। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।

भाई ने दर्ज कराया था मुकदमा
पुलिस ने बताया कि आठ अक्टूबर को इमरान के भाई ने जेवर थाने में शिकायत दी थी कि जान मोहम्मद और इदरीश ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसके भाई इमरान (36) की गोली मारकर हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की।

चांचली नहर की पुलिया के पास से हुई गिरफ्तारी
रविवार को जेवर थाना पुलिस ने स्थानीय खुफिया सूचना और बीट पुलिसिंग की मदद से दोनों आरोपितों को चांचली नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।