-12 हजार वर्ग मीटर जमीन को कराया अतिक्रमण मुक्त
-करोड़ों की जमीन पर काटी जा रही थी अवैध कालोनी
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: बिसरख गांव के डूब क्षेत्र में अवैध कॉलोनी काटने का खेल लंबे समय से चल रहा है। जिन लोगों के द्वारा अवैध कॉलोनी काटी जाती है उन्हें सफेशपोश का आशीर्वाद प्राप्त है। पूर्व में भी प्राधिकरण कई बार अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई कर चुका है, कुछ समय बाद दोबारा कॉलोनी काट दी जाती है। शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ बलकार सिंह के निर्देश पर बिसरख के डूब क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। कालोनाइजर डूब क्षेत्र में बाउंड्री बनाकर अवैध प्लॉटिंग करने की कोशिश कर रहे थे।
करोड़ों की जमीन कब्जामुक्त
अभियान के दौरान करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन मुक्त कराई गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव का कहना है कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित एरिया में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की इजाजत नहीं है। अगर कोई अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।
<span;>ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ बलकार सिंह ने अधिसूचित एरिया में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण की टीम अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। शुक्रवार को प्राधिकरण के वर्क सर्किल तीन के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक प्रशांत समाधिया और टीम ने बिसरख के डूब क्षेत्र के खसरा संख्या 341 और 357 की जमीन पर अतिक्रमण को ढहा दिया। करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया। कालोनी काट रहे कालोनाइजरों को दोबारा अवैध निर्माण करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
