-कहा सभी घर खरीदारों के वैधानिक अधिकारों और हितों की सुरक्षा हो सुनिश्चित
-सुप्रीम कोर्ट में हुई सुपरटेक के मामले की सुनवाई
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा:सुप्रीम कोर्ट में सुपरटेक मामले की सुनवाई के दौरान घर खरीदारों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। घर खरीदार की संस्था नेफोवा ने एक बार फिर घर खरीदारों के अधिकारों, उनके निवेश और भविष्य की सुरक्षा को लेकर अपना पक्ष मजबूती से न्यायालय के समक्ष रखा। NEFOWA की ओर से अधिवक्ता कुमार मिहिर ने सुप्रीम कोर्ट के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए एनबीसीसी को पूर्णतया RERA Exemption नहीं देने की आवश्यकता पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि घर खरीदारों के वैधानिक अधिकारों और हितों की सुरक्षा सुनिश्चित रहनी चाहिए। यदि आवश्यकता हो तो कुछ विशेष प्रावधानों पर सीमित छूट पर विचार किया जा सकता है, लेकिन RERA के सभी प्रावधानों से पूर्ण छूट उचित नहीं होगी। सुनवाई के दौरान एपेक्स कमिटी के अधिवक्ता ने भी स्पष्ट किया कि उनकी मांग सभी प्रावधानों से छूट की नहीं, बल्कि केवल कुछ विशेष बिंदुओं पर RERA Exemption की है। यह एक सकारात्मक पहलू है कि इस विषय पर एनबीसीसी के अलावा सभी अलग-अलग पक्षों के विचारों में महत्वपूर्ण स्पष्टता सामने आई है। वर्तमान में NBCC द्वारा जारी टेंडर में स्ट्रक्चरल डिफेक्ट लाइबिलिटी की अवधि केवल दो वर्ष निर्धारित की गई है। NEFOWA का मानना है कि घर खरीदारों के दीर्घकालिक हितों और निर्माण की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए यह अवधि कम से कम पांच वर्ष होनी चाहिए।
यह है प्रमुख मांग
न्यायालय में सुनवाई के दौरान कोर्ट रिसीवर की नियुक्ति और आगे की प्रक्रिया को लेकर स्थिति अगली सुनवाई में और स्पष्ट होने की उम्मीद है। इसमें एक-दो और सुनवाई हो सकती हैं। नेफोवा ने मांग की है कि सभी लंबित फ्लैटों का निर्माण जल्द से जल्द शुरू हो और खरीदारों को कब्जा मिले। लंबित रजिस्ट्रियों का समाधान सुनिश्चित हो। घर खरीदारों के RERA संबंधी वैधानिक अधिकार सुरक्षित रहें। पांच साल की स्ट्रक्चरल डिफेक्ट लाइबिलिटी सुनिश्चित हो और प्रोजेक्ट का प्रबंधन पारदर्शी और न्यायालय की निगरानी में हो।नेफोवा के अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा आज की सुनवाई घर खरीदारों के हितों की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। हालांकि, अभी अंतिम न्यायिक आदेश आना बाकी है और आगे की सुनवाई में कई महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय होना है। साथ ही हमारी लड़ाई केवल उन लोगों तक सीमित नहीं हैं जिन्हें अभी तक फ्लैट का कब्जा नहीं मिला है। हम उन घर खरीदारों की समस्याओं को भी उतनी ही गंभीरता से उठाते हैं जिन्हें फ्लैट मिल चुका है, लेकिन उनकी रजिस्ट्री अभी लंबित है।
