द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र साइट-बी स्थित आईनोट्रोनिक्स कंपनी में चोरी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1512 पेटीएम ट्रांजेक्शन प्रिंटर मशीनें, 1660 मोबाइल टाइप पेटीएम ट्रांजेक्शन मशीनें और एयरटेल के 147 सेटअप बॉक्स समेत करीब तीन करोड़ रुपये का सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल छोटा हाथी वाहन और तीन अवैध चाकू भी बरामद किए हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।एडिशनल डीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि 9 और 10 अक्टूबर की रात आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र साइट-बी स्थित आईनोट्रोनिक्स कंपनी में चोरी की थी। आरोपी कंपनी में रखी पेटीएम मशीनें, सेटअप बॉक्स और अन्य सामान छोटा हाथी वाहन में लादकर ले गए थे। मामले में सूरजपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।

न्यू दादरी जंक्शन के पास से गिरफ्तारी
पुलिस ने 14 अक्टूबर को न्यू दादरी जंक्शन के पास सूरजपुर क्षेत्र के जंगल से बिलाल, सलमान और आदिल को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है।

आदिल पर अलीगढ़ में भी मुकदमे दर्ज
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी आदिल के खिलाफ सूरजपुर, अलीगढ़ के बन्ना देवी, खैर और सासनी गेट थानों में चोरी समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज है। वहीं, बिलाल और सलमान के खिलाफ सूरजपुर में दर्ज चोरी और आर्म्स एक्ट के मुकदमों का विवरण सामने आया है।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
गिरफ्तार आरोपियों में बिलाल निवासी पसौंडा, गाजियाबाद, सलमान निवासी बुलंदशहर और आदिल निवासी बुलंदशहर शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।