-दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम ने दी जानकारी
-22 अक्टूबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे उद्घाटन

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के तत्त्वावधान में 22 से 28 अक्टूबर तक गाजियाबाद की सनसिटी में ऐतिहासिक महानाट्य जाणता राजा का भव्‍य मंचन होगा। छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति पर आधारित भव्य महानाट्य के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रचेतना से जोड़ने का प्रयास होगा। कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए आयोजित प्रेस वार्ता में दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम ने आयोजन की रूपरेखा, उद्देश्य और तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्‍होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों को जन-जन, विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुँचाना अत्यंत आवश्यक है। शिवाजी महाराज का जीवन साहस, सुशासन, स्वाभिमान, धर्मनिष्ठा और राष्ट्रसमर्पण की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श युवाओं को सही दिशा प्रदान कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार की जिम्मेदारी है कि वह अपने बच्चों को भारतीय संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से परिचित कराए तथा उन्हें छत्रपति शिवाजी महाराज, माँ जीजाबाई और समर्थ गुरु रामदास के आदर्शों से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करे। उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर को आयोजित उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज उपस्थित रहेंगे। रक्षा मंत्री ने उद्घाटन समारोह में सम्मिलित होने का आमंत्रण स्वीकार किया है।

250 कलाकार लेंगे हिस्‍सा
22 से 28 अक्टूबर तक चलने वाले सात दिवसीय महानाट्य का मंचन प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से लगभग चार घंटे तक किया जाएगा। इसमें करीब 250 कलाकार भाग लेंगे। हाथी, घोड़े, ऊँट, तोपों, तलवारों और अन्य शस्त्रों के माध्यम से ऐतिहासिक घटनाओं को मंच पर जीवंत रूप दिया जाएगा। सिंहगढ़, प्रतापगढ़ और रायगढ़ किलों की प्रतिकृतियों के जरिए दर्शकों को छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति से परिचित कराया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इस प्रस्तुति का उद्देश्य नई पीढ़ी में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार, राष्ट्रप्रेम और भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव का भाव जागृत करना है। आयोजन के विभिन्न दिनों में राजनीति, धर्म, अध्यात्म और उद्योग जगत की अनेक विशिष्ट हस्तियों के सम्मिलित होने की संभावना है। इनमें स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पतंजलि योगपीठ के प्रमुख स्वामी रामदेव सहित अनेक गणमान्य अतिथि शामिल हैं। यह आयोजन दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के सेवा प्रकल्पों के सहायतार्थ किया जा रहा है। आयोजकों को प्रतिदिन लगभग 15 हजार दर्शकों के पहुँचने की अपेक्षा है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड से बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में सम्मिलित होने की संभावना है। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक विनय चौधरी, आयोजन समिति के महामंत्री दीपक शर्मा तथा दिव्य प्रेम सेवा मिशन के सह-संयोजक राघवेंद्र सिंह उपस्थित थे।