द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और चोरी समेत अन्य अपराधों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगा पाने के मामले में पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर पांच उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, कई एसीपी, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच बैठाई गई है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतों को गंभीरता से नहीं सुनने, उनका समुचित समाधान नहीं करने, अनावश्यक हीलाहवाली और असंतुष्ट फीडबैक बढ़ने के कारण यह कार्रवाई की गई है। निलंबित होने वालों में मोरना चौकी प्रभारी अजित सिंह, सेक्टर-12/22 चौकी प्रभारी अक्षय प्रताप, जेवर की आरआर साइट चौकी प्रभारी बिरजलाल, सूरजपुर कस्बा चौकी प्रभारी कपिल पांडे और कचहरी सूरजपुर चौकी प्रभारी अनिल कुमार शामिल हैं। सभी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

कई एसीपी और थाना प्रभारियों के खिलाफ जांच
जनशिकायतों की अनदेखी और उनके समुचित निस्तारण में कमी मिलने पर एसीपी-2 नोएडा, एसीपी-2 ग्रेटर नोएडा और एसीपी-4 ग्रेटर नोएडा समेत सेक्टर-113, बीटा-2 और दादरी थानों के प्रभारी निरीक्षकों के खिलाफ प्रारंभिक जांच संस्थित की गई है। इसके अलावा ओखला, सेक्टर-98, सरस्वती इंक्लेव, कचहरी फेस-2, कलौंदा, सिरसा और शाहबेरी-चिपियाना चौकियों के प्रभारियों समेत अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच होगी।

चोरी और वाहन चोरी रोकने में लापरवाही पर चेतावनी
चोरी, गृहभेदन, वाहन चोरी और झपटमारी जैसे अपराधों की रोकथाम तथा प्रभावी कार्रवाई में कमी पाए जाने पर कई अन्य चौकी प्रभारियों और हल्का प्रभारियों को कड़ी चेतावनी दी गई है। इनमें सदरपुर, एनआईबी, झुंडपुरा-गोलचक्कर, ममूरा-गढ़ी चौखंडी, एच ब्लॉक-बहलोलपुर, गौर सिटी, एच्छर-अल्फा और दादरी क्षेत्र की विभिन्न चौकियों के प्रभारी शामिल हैं। इनके खिलाफ भी प्रारंभिक जांच शुरू की गई है। पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि जनसुनवाई, ऑनलाइन शिकायतों और नागरिकों से जुड़े मामलों के निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।