द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित आईटीएस डेंटल कॉलेज में तीन दिवसीय वार्षिक समारोह ‘ऑक्लूजन-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड एवं हरियाणा के विभिन्न डेंटल कॉलेजों के 1500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद प्रतियोगिताओं और मनोरंजन की विभिन्न प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ आईटीएस द एजुकेशन ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. आर.पी. चड्ढा, उपाध्यक्ष सोहेल चड्ढा, सचिव बीके अरोड़ा, निदेशक पब्लिक रिलेशन सुरेन्द्र सूद, प्रधानाचार्य डॉ. ओमकार के. शेट्टी तथा विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों एवं शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। समारोह के दूसरे दिन प्रसिद्ध पंजाबी गायक मनिंदर बुट्टर ने अपनी शानदार लाइव प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनके लोकप्रिय गीत सखियां, इक तेरा, लारे, पानी दी गल आदि की संगीतमय प्रस्तुति विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उनके गीतों की धुन पर 1500 से अधिक विद्यार्थी झूमते और गाते नजर आए। मनिंदर बुट्टर की ऊर्जावान प्रस्तुति ने पूरे परिसर को संगीत एवं उत्साह के रंग में रंग दिया।

डीजे नाइट पर मस्‍ती
समारोह के तीसरे दिन आयोजित डीजे नाइट ने अपनी शानदार म्यूजिक प्रस्तुति से विद्यार्थियों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। विद्यार्थियों ने देर रात तक संगीत और मनोरंजन का भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. ओमकार के. शेट्टी ने बताया कि तीन दिवसीय समारोह के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें नृत्य, गायन, फैशन शो, क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कैरम, चेस, फेस पेंटिंग और रंगोली जैसी प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। दिल्ली-एनसीआर एवं अन्य राज्यों से आए विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। संस्थान के उपाध्यक्ष सोहेल चड्ढा ने समारोह के कुशल संपादन के लिए आयोजकों की पूरी टीम तथा दूर-दराज से आए सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक गतिविधियों से आगे बढ़कर सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं खेल प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं।