द न्यूज गली, नोएडा :नोएडा के सेक्टर-63 थाना पुलिस ने लूटपाट करने वाले गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो चाकू, दो मोटरसाइकिल और एक ब्रेसलेट बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी रात में किराये की गाड़ी लेकर चलते थे और यात्रियों को लिफ्ट देने के बहाने वाहन में बैठाकर हथियारों के बल पर लूटपाट करते थे। पुलिस के मुताबिक, एक नवंबर को सेक्टर-63 थाना पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान विकास उर्फ कालू उर्फ कल्लू और राजेश उर्फ ढेड़ा को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। वहीं, उनके दो अन्य साथी शंकर शर्मा और कपिल कश्यप को बहलोलपुर अंडरपास से ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड के पास कॉम्बिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, जिनकी नाल में एक-एक खोखा कारतूस फंसा हुआ था, दो जिंदा कारतूस और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। इसके अलावा एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक अपाचे बाइक और एक ब्रेसलेट भी मिला है। पुलिस के अनुसार, बुलेट बाइक थाना फेस-3 और अपाचे बाइक थाना सेक्टर-49 में दर्ज मुकदमों से संबंधित है, जबकि ब्रेसलेट सेक्टर-63 में दर्ज लूट के मुकदमे से जुड़ा है।

किराये की गाड़ी से देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी किराये की गाड़ी लेकर रात के समय यात्रियों को लिफ्ट देने के बहाने बैठाते थे। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर अवैध हथियारों का डर दिखाते हुए मारपीट करते और नकदी, आभूषण समेत अन्य कीमती सामान लूट लेते थे। वारदात के बाद पीड़ितों को सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो जाते थे।

विकास और राजेश पर दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार विकास उर्फ कालू के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 22 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, राजेश उर्फ ढेड़ा के खिलाफ भी लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत 18 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है। शंकर शर्मा के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट के 10 मुकदमे तथा कपिल कश्यप के खिलाफ दिल्ली में दर्ज एक मुकदमे समेत दो मुकदमों का आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।