-सीसीटीवी कैमरे के सामने रची गई साजिश

द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : दादरी में पड़ोसी को हत्या के प्रयास के झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने के लिए खुद पर फायरिंग कराने की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि हरेन्द्र नागर ने अपने पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर यह षड्यंत्र रचा था। योजना के तहत घर में लगे सीसीटीवी कैमरे के सामने अतुल भाटी और प्रतीक उर्फ कलुआ से खुद पर फायरिंग कराई गई। इसके बाद पड़ोसी विकास सैन के खिलाफ दादरी थाने में झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया गया। पुलिस ने मामले में वादी के बेटे, साले और भतीजे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, हरेन्द्र नागर और उसके पड़ोसी विकास सैन के बीच कहासुनी हुई थी। इसी विवाद को आधार बनाकर हरेन्द्र ने विकास को गंभीर आपराधिक मामले में फंसाने की योजना बनाई। इसके लिए उसने अतुल भाटी और प्रतीक उर्फ कलुआ को घर बुलाया। आरोप है कि दोनों ने सीसीटीवी कैमरे के सामने हरेन्द्र पर फायरिंग की। इसके बाद विकास सैन के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया गया।

बिसाहड़ा अंडरपास से तीन गिरफ्तार
पुलिस ने दो नवंबर को कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित तीन आरोपियों को बिसाहड़ा अंडरपास से गिरफ्तार किया। इनकी पहचान प्रतीक उर्फ कलुआ निवासी कूड़ीखेड़ा, अतुल भाटी निवासी साकीपुर और अभिषेक नागर निवासी न्यादरगंज, दादरी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, प्रतीक हरेन्द्र का भतीजा, अतुल उसका साला और अभिषेक उसका बेटा है।आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त .315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और सीपी प्लस कंपनी का डीवीआर बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे षड्यंत्र का खुलासा हुआ है।

अतुल पर पहले से छह मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अतुल भाटी के खिलाफ वर्तमान मामले के अलावा मारपीट, चोरी, लूट और अन्य धाराओं में छह मुकदमे दर्ज हैं। वहीं प्रतीक उर्फ कलुआ और अभिषेक नागर का आपराधिक इतिहास फिलहाल इसी मामले से संबंधित बताया गया है।पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि हरेन्द्र नागर का भाई सतेन्द्र उर्फ सत्ते वर्ष 2007 के एक मुकदमे में हत्या के मामले में दोषी ठहराया जा चुका है। पुलिस मामले में षड्यंत्र में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।