द न्यूज गली, नोएडा : व्हाट्सएप के जरिए गांजे की ऑनलाइन तस्करी और बिक्री करने वाले दो आरोपितों को सेक्टर-58 थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित दिल्ली-एनसीआर के फ्लैट, पीजी, हॉस्टल और कॉलेजों में पढ़ने वाले युवकों को ऑन डिमांड गांजे की सप्लाई करते थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 12 किलो 200 ग्राम गांजा, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और गांजा पैक करने वाले 42 प्रिंटेड पैकेट बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, चार नवंबर को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से मेडिसन कट, सेक्टर-57 के पास से सुमित राघव को गिरफ्तार किया गया। उसके बैग की तलाशी लेने पर ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी के नाम वाले छोटे-छोटे पैकेट मिले। इन पैकेटों में 1 किलो 900 ग्राम गांजा भरा हुआ था।

पूछताछ में सुमित ने बताया कि उसे गांजा उसका साथी मनीष कुमार झा उपलब्ध कराता था। वह व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से लोकेशन मंगवाकर दिल्ली-एनसीआर में गांजे की सप्लाई करता था। इसके बदले मिलने वाला भुगतान ऑनलाइन मनीष के पास पहुंचता था।

 

पहचान छुपाने के लिए लिख देते थे कंपनी का नाम

पुलिस के अनुसार, पहचान छिपाने के लिए दोनों गांजे को 25 से 30 ग्राम के छोटे पैकेटों में भरकर उन पर ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी का नाम लिख देते थे।सुमित से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने ईएसआई कॉलोनी, सेक्टर-56 के पास से मनीष कुमार झा को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 10 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, मनीष टेक्निकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। आरोपितों का एक अन्य साथी अमित पहले से ही गांजा तस्करी के मामले में असम के गुवाहाटी की जेल में बंद है।पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

 

ये हैं गिरफ्तार आरोपित

सुमित राघव (36), मूल निवासी भोजपुर, थाना बहजोई, जिला संभल, वर्तमान निवासी खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद।मनीष कुमार झा (33), मूल निवासी कल्याणपुर, थाना विभूतिपुर, जिला समस्तीपुर, बिहार, वर्तमान निवासी खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद।