-प्रतिनिधिमंडल ने MSME एवं औद्योगिक विकास से संबंधित 10 सुझावों का सौपा ज्ञापन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: विधायक तेजपाल नागर के नेतृत्व में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के प्रतिनिधिमंडल को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लोक भवन, लखनऊ में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। सभी उद्यमियों की बातों को गंभीरता से सुना। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था, निवेश-अनुकूल वातावरण, तीव्र गति से विकसित हो रहे औद्योगिक आधारभूत ढाँचे तथा उद्योग हितैषी नीतियों की प्रशंसा करते हुए उनका हार्दिक अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के MSME एवं औद्योगिक विकास से संबंधित 10 महत्वपूर्ण सुझावों का ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने ज्ञापन के प्रथम बिंदु पर विशेष रूप से विस्तार से चर्चा करते हुए 2000 वर्गमीटर तक के औद्योगिक भूखंडों की ई-निविदा (E-Bidding) व्यवस्था में व्यावहारिक सुधार का विषय प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था छोटे एवं मध्यम उद्यमियों के लिए अनेक व्यावहारिक कठिनाइयाँ उत्पन्न कर रही है। विषय पर मुख्यमंत्री ने गंभीरतापूर्वक चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक एवं उचित दिशा-निर्देश प्रदान किए।

ज्ञापन के यह हैं बिंदु
प्रतिनिधि मंडल ने औद्योगिक भूखंडों पर भवन निर्माण पूर्ण करने की समय-सीमा एवं विलंब शुल्क से संबंधित विषय पर भी विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने व्यावहारिक राहत प्रदान करने का अनुरोध किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। बैठक में ज्ञापन के अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं—औद्योगिक क्षेत्रों में आधुनिक फायर स्टेशन की स्थापना, एक्सपोर्ट प्रमोशन सेंटर, सामुदायिक केंद्र, वन टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना, सिंगल विंडो प्रणाली को और प्रभावी बनाना, विश्वस्तरीय औद्योगिक आधारभूत संरचना का विकास, मुख्यमंत्री औद्योगिक संवाद समिति का गठन तथा मॉडल इंडस्ट्रियल एरिया विकसित करने—पर भी संक्षिप्त चर्चा हुई। IBA के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री से भेंट अत्यंत आत्मीय, सकारात्मक एवं परिणामोन्मुख रही। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों का जिस आत्मीयता से स्वागत किया और उद्योगों से जुड़े प्रत्येक सुझाव को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया, उससे प्रदेश के उद्यमियों का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का औद्योगिक विकास नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा तथा MSME क्षेत्र और अधिक सशक्त बनेगा। अमित कुमार उपाध्याय ने विधायक तेजपाल नागर के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उद्योगों एवं उद्यमियों के हितों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अनुकरणीय है।
