द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना बीटा-2 पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद दो शातिर चैन स्नैचरों को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। गिरफ्तार बदमाशों में एक 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश भी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर की रात थाना बीटा-2 पुलिस ढकिया बाबा गोलचक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आगे जाकर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दीपू उर्फ पप्पू निवासी बड़ेसरा, अलीगढ़ और मोनू निवासी घटकना, हमीरपुर के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में गौतमबुद्धनगर में रह रहे थे। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
जून में पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ था इनामी
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित शातिर चैन स्नैचर हैं। मोनू पहले भी चैन स्नैचिंग के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था। वहीं, दीपू उर्फ पप्पू का साथी राजेंद्र उर्फ लल्लू सात जून 2026 को पुलिस मुठभेड़ के दौरान छीनी गई चैन के साथ गिरफ्तार हुआ था। उस दौरान दीपू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
चोरी की बाइक और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सदरपुर, नोएडा से चोरी की गई एक अपाचे मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस (.315 बोर) बरामद किए हैं। पुलिस दोनों आरोपितों के आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा र
ही है।
