द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : गौर सिटी से पर्थला गोलचक्कर जाते समय एक व्यक्ति का बैग ऑटो में छूट गया। बैग में उसकी मां की सोने की दो अंगूठियां, मंगलसूत्र और अन्य सामान रखा था। सूचना मिलने पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही समय में बैग बरामद कर पीड़ित को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि 19 नवंबर को पीड़ित ने थाना सेक्टर-113 में सूचना दी कि वह गौर सिटी से ऑटो में बैठकर पर्थला गोलचक्कर पहुंचा था। इस दौरान उसका बैग भूलवश ऑटो में ही छूट गया। बैग में मां की दो सोने की अंगूठियां, एक मंगलसूत्र और अन्य सामान था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ऑटो की पेमेंट आईडी प्राप्त की और संबंधित जानकारी के आधार पर ऑटो चालक से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस टीम ने ऑटो चालक से बैग बरामद कर उसमें रखा सामान सुरक्षित पीड़ित को सौंप दिया। अपना कीमती सामान वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार जताया।