द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बादलपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 177 किलो 790 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।पुलिस के अनुसार, बुधवार 18 नवंबर को स्थानीय और मैनुअल इंटेलिजेंस की सूचना पर संयुक्त टीम ने अंबेडकर पार्क के सामने से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान हरियाणा के गुरुग्राम जिले के सोहना थाना क्षेत्र के सांचोली गांव निवासी इरफान (31) और आसिफ (20) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर गुरुग्राम जा रहे थे। गांजे को ट्रक के नीचे टूल बॉक्स के पास विशेष रूप से बनाई गई गुप्त कैविटी में छिपाया गया था। यह कैविटी देखने में डीजल टैंक जैसी लगती थी, जिससे किसी को शक न हो। आरोपितों को गांजे की खेप ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर डिलीवर करनी थी।
मालिक खुद चलाता है वाहन
पुलिस के मुताबिक, इरफान ट्रक का मालिक है और खुद वाहन चलाता है, जबकि आसिफ हेल्पर का काम करता है। दोनों आरोपित पूर्व में भी असम में एनडीपीएस के एक मामले में जेल जा चुके हैं। उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही
है।
