द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में विदेशी निवेश को लेकर संभावनाएं बढ़ रही हैं। शुक्रवार को रूस की तीन कंपनियों के प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुंचकर निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने प्राधिकरण के बोर्ड रूम में एसीईओ प्रेरणा सिंह, सुमित यादव और नुपुर गोयल के साथ बैठक की। इस दौरान कंपनियों के प्रतिनिधियों ने ग्रेटर नोएडा के इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक नीतियों और लैंड बैंक के बारे में जानकारी ली।

एसीईओ प्रेरणा सिंह ने प्रजेंटेशन के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल को ग्रेटर नोएडा और आईआईटीजीएनएल की औद्योगिक योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप देश की स्मार्ट टाउनशिप में शामिल है। इसे प्लग एंड प्ले सिस्टम पर विकसित किया गया है। यहां उद्योग लगाने के इच्छुक निवेशकों को कम समय में भूखंड आवंटित करने की व्यवस्था है। औद्योगिक इकाइयों के संचालन के लिए जरूरी सुविधाएं पहले से विकसित की गई हैं। ऐसे में भूखंड आवंटित होते ही उद्यमी अपना उद्योग स्थापित कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के नजदीक होने के साथ ही टाउनशिप सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के लिहाज से भी बेहतर स्थिति में है। बैठक के दौरान रूसी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने ग्रेटर नोएडा में निवेश करने की इच्छा जताई।

प्रतिनिधिमंडल में एक्सीलरेशन इंजीनियरिंग के सीईओ, ऑरटम और टेक पॉलीमर ग्रुप की डायरेक्टर इरीना, टेक पॉलीमर ग्रुप के सीईओ अमरदीप सिंह और डायरेक्टर योगदत्त त्यागी शामिल रहे।