द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सख्ती शुरू कर दी है। सड़कों पर धूल मिलने और सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर प्राधिकरण ने दो कंपनियों पर कुल 1.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को तीनों एसीईओ ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर प्रदूषण नियंत्रण के इंतजामों का जायजा लिया।

एसीईओ प्रेरणा सिंह और सुमित यादव ने डीएम विजय रावल और वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर के साथ 130 मीटर रोड पर तिलपता चौक, राइज पुलिस चौकी, ऐस सिटी और चारमूर्ति अंडरपास के आसपास निरीक्षण किया। तिलपता के पास सड़क पर धूल मिलने पर एसीईओ ने नाराजगी जताई और जिम्मेदार कंपनी एएसएसएआई पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं, राइज पुलिस चौकी के आसपास पानी का छिड़काव बढ़ाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा गौर सिटी और आसपास के क्षेत्रों में सड़कों पर धूल मिलने पर एंटोनी वेस्ट कंपनी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। दोनों कंपनियों से जुर्माने की राशि उनके आगामी भुगतान से काटी जाएगी। प्राधिकरण अधिकारियों ने कंपनियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और मैकेनिकल स्वीपिंग प्रभावी ढंग से कराने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में लापरवाही मिलने पर अनुबंध की शर्तों के तहत और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, एसीईओ नुपुर गोयल ने साकीपुर अंडरपास के पास सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत के लिए एस्टीमेट तैयार कर टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही धूल पर नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव कराने को कहा। उन्होंने सिरसा गोलचक्कर के आसपास भी निरीक्षण कर पानी का छिड़काव बढ़ाने के निर्देश दि

ए।