द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : जनगणना ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अब एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने जनगणना कार्य में लगे ऐसे इन्यूमेरेटर को तत्काल ड्यूटी पत्र प्राप्त कर आवंटित क्षेत्र में काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं, जिन्होंने अभी तक अपनी जिम्मेदारी नहीं संभाली है। नगर जनगणना अधिकारी एवं प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के तहत 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना अभियान चलाया जा रहा है। इसमें नागरिक जनगणना पोर्टल पर जाकर अपने और परिवार के सदस्यों से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में जनगणना कार्य को पूरा कराने के लिए 2436 इन्यूमेरेटर और 330 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इन कर्मचारियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्राधिकरण के सीईओ एवं नगर जनगणना अधिकारी सुमित यादव ने कहा कि जिन कर्मचारियों ने अभी तक ड्यूटी प्राप्त नहीं की है और आवंटित क्षेत्र में काम शुरू नहीं किया है, वे तत्काल अपनी जिम्मेदारी संभालें। निर्देशों का पालन नहीं करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम के तहत एफआईआर समेत अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी की होगी।
शत-प्रतिशत स्वगणना पर मिलेगा सम्मान
प्राधिकरण की ओर से स्वगणना अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष पहल की गई है। 16 से 30 नवंबर के बीच जिस सेक्टर या आवासीय सोसाइटी के सभी निवासी शत-प्रतिशत स्वगणना पूरी करेंगे, वहां के आरडब्ल्यूए या सेक्टर प्रतिनिधियों को प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से सम्मानित किया जाएगा। एसीईओ सुमित यादव ने शहर के सभी सेक्टरों और सोसाइटियों के निवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की
है।
