द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना बिसरख क्षेत्र में मंगलवार को एक ऑटो और मोटरसाइकिल के बीच हुई मामूली टक्कर ने गंभीर रूप ले लिया। रोजा जलालपुर से ऑटो चला रहे मुकेश कुमार और मोटरसाइकिल सवार रविकांत के बीच झगड़ा हो गया। विवाद के दौरान, एक अन्य ऑटो चालक राजकुमार ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया।

दोनों पक्षों के बीच बढ़ा विवाद
झगड़े के दौरान रविकांत ने अपने कुछ दोस्तों को भी बुला लिया, जिससे विवाद और बढ़ गया। इसी बीच, राजकुमार की तबीयत बिगड़ गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक पर नहीं मिले चोट के निशान
पुलिस की प्रारंभिक जांच में राजकुमार के शरीर पर कोई जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले है। हालांकि, पुलिस ने मुकेश की तहरीर पर रविकांत को हिरासत में ले लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है। थाना बिसरख पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।