-बिल्‍डर पर कार्रवाई के लिए सौंपा ज्ञापन
-मंत्री ने नियम के तहत कार्रवाई का दिया आश्‍वासन

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: डेल्‍टा एक सेक्‍टर के आरडब्‍ल्‍यूए सदस्‍यों ने उत्‍तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी से मुलाकात कर उन्‍हें ज्ञापन सौंपा। बताया कि कावेरी बिल्‍डर के द्वारा नियम के विरुद्ध सेक्‍टर की ग्रीन बेल्‍ट पर कब्‍जा किया जा रहा है। कहा कि कब्‍जे के दौरान बिल्‍डर ने वर्षों पुराने कई पेड़ काट दिए। आरोप लगाया कि बिल्‍डर के द्वारा ग्रीन बेल्‍ट की और जमीन पर भी कब्‍जे का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञापन के माध्‍यम से मांग की कि बिल्‍डर के खिलाफ कार्रवाई की जाए। मंत्री ने आरडब्‍ल्‍यूए सदस्‍यों की मांग को गंभीरता से सुना और नियम के तहत कार्रवाई का आश्‍वासन दिया।

कर चुके हैं प्रदर्शन
आरडब्‍ल्‍यूए के सदस्‍यों ने मंत्री को बताया कि सेक्टर डेल्टा एक के गेट नंबर 04 पर बनी ग्रीन बेल्ट पर कावेरी बिल्डर ने लगभग 80 मीटर लंबी ग्रीन बेल्ट पर पेड़ो को काटकर कब्जा कर लिया है। सेक्टर की आर डब्ल्यूए ने फेडरेशन के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर प्रदर्शन किया था। साथ ही प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी गिरीश झा, विधायक तेजपाल नागर व मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वीएस लक्ष्मी से इस मुलाकात कर ग्रीन बेल्ट के अवैध कब्जे को हटाकर नियमानुसार बाउंड्री वाल की बात रखी। अधिकारियों ने आश्‍वासन दिया था लेकिन कोई काम नहीं हुआ। ज्ञापन देने वालों में फेडरेशन के पूर्व महासचिव दीपक कुमार भाटी, सेक्‍टर डेल्‍टा एक के आरडब्ल्‍यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी, उपाध्यक्ष पंकज नागर,कोषाध्यक्ष ठाकुर विजय सिंह व वीरेश बैसला उपस्थित थे।