द न्यूज़ गली, अम्बेडकरनगर : उत्तर प्रदेश एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने मंगलवार तड़के थाना बिवाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश आसिफ उर्फ विक्की छैमार को मार गिराया। गोली लगने से घायल आसिफ को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान आसिफ उर्फ विक्की छैमार पुत्र वाबू उर्फ मजहर, निवासी मकनपुर, जनपद कानपुर नगर के रूप में हुई है। वह वर्ष 2014 में जौनपुर के शाहगंज क्षेत्र में हुई चर्चित डकैती और दोहरे हत्याकांड समेत कई संगीन मामलों में वांछित था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

घर में घुसकर लोगों को बना लेता था बंधक
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक .32 बोर पिस्टल, एक 12 बोर पौनिया, भारी मात्रा में कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक आसिफ अपने गिरोह के साथ घरों में घुसकर लोगों को बंधक बनाकर डकैती करता था। विरोध करने पर हत्या या जानलेवा हमला करने से भी नहीं हिचकता था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में डकैती, हत्या और डकैती के दौरान हत्या सहित 21 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आसिफ वर्ष 2013 में सुल्तानपुर में हत्या के बाद डकैती, वर्ष 2014 में जौनपुर के शाहगंज में परिवार को बंधक बनाकर डकैती और दो महिलाओं की हत्या, वर्ष 2015 में कौशांबी में डकैती के दौरान दंपती की हत्या तथा उसी वर्ष मुजफ्फरनगर के छपार क्षेत्र में सिलसिलेवार डकैतियों सहित कई मामलों में वांछित चल रहा था। वर्ष 2021 में कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र में हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।