द न्यूज गली, नोएडा : नोएडा के सेक्टर-88 स्थित बी-ब्लॉक में एक निजी कंपनी सुरभि इंटरनेशनल में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। कंपनी बंद होने के कारण घटना के समय अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ग्राउंड फ्लोर से पहली मंजिल तक फैली आग
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि रात करीब 11:15 बजे कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गईं। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आग कंपनी के ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल तक फैल चुकी थी।
इलेक्ट्रिक पैनल में हुआ शॉर्ट सर्किट
दमकल कर्मियों ने दोनों मंजिलों पर लगी आग को नियंत्रित कर आगे फैलने से रोक दिया। आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब ढाई घंटे का समय लगा। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह इलेक्ट्रिकल पैनल में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि कंपनी के सुरक्षा गार्ड ने सबसे पहले भवन के पिछले हिस्से से धुआं उठता देखा था। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
