द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : दादरी थाना क्षेत्र में सादे कपड़ों में घर लौट रहे पुलिसकर्मी से लूट की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना दादरी पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार 20 मई की रात एक पुलिसकर्मी अपने घर जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे सवारी ले जाने के बहाने कार में बैठाया और साथियों के साथ मिलकर उससे लूटपाट की। घटना की सूचना मिलते ही दादरी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
सोमवार को पुलिस टीम चिटहेरा नहर के पास पेरीफेरल अंडरपास क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध वैगनआर कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान रंजीत कुमार पुत्र रामसेवक निवासी ग्राम जिटोली, थाना निधौली कलां, एटा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस .315 बोर और घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार (UP82AT4295) बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
