-LG Electronics व SheelaFoam पर कार्रवाई की मांग
-डीएम ने समस्याओं के निस्तारण का दिया आश्वासन
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा: इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (IEA) के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम मेधा रूपम से मुलाकात की। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के औधोगिक क्षेत्रो से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इकोटेक 2 में LG Electronics एवं Sheela Foam Factory के बड़े बड़े ट्रक बिना पार्किंग एरिया के सड़क व दूसरी फैक्टरियों के बाहर अव्यवस्थित स्थिति में खड़े रहते है। इस कारण पूरे औद्योगिक क्षेत्र में लगातार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि आसपास की औद्योगिक इकाइयों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। IEA पदाधिकारियों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार संपर्क किया जा रहा है, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से मामले में संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर ट्रकों की व्यवस्थित पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया। साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने अन्य समस्याओं को भी डीएम के सामने रखा। डीएम ने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।
बिना कनेक्शन पानी का बिल
संजीव शर्मा ने कहा कि कई बार किसी उद्योग को प्राधिकरण से आवश्यक NOC या अन्य अनुमति तत्काल प्राप्त करनी होती है। ऐसी परिस्थितियों में उद्योगों को अपना कार्य आगे बढ़ाने की मजबूरी के कारण, बिना जल कनेक्शन के जारी किए गए पानी के बिलों की लाखों रुपये की राशि तक जमा करनी पड़ती है। IEA के पूर्व अध्यक्ष पी के तिवारी ने मांग की कि जिन सभी औद्योगिक इकाइयों के पास जल कनेक्शन नहीं है और जिनके क्षेत्र में जलापूर्ति की पाइपलाइन उपलब्ध नहीं है, उनके पुराने एवं गलत तरीके से लगाए गए पानी के बिलों की संपूर्ण जांच कर औधोगिक क्षेत्र में ही एक कैम्प लगाकर उन्हें माफ किया जाए तथा भविष्य में ऐसे बिल जारी न किए जाएं। IEA का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में सुचारु यातायात, सुरक्षित कार्य वातावरण और उद्योगों पर अनुचित वित्तीय भार से राहत, क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रतिनिधिमंडल में संजीव शर्मा, पीके तिवारी , विवेक चौहान, महिपाल सिंह, कमल सिंह, एम ,एम शर्मा व वेंकटरमन उपस्थित थे।
