द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना जारचा पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री के जरिए तीन करोड़ रुपये से अधिक की ठगी के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गाजियाबाद के शास्त्री नगर क्षेत्र से पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेश (55) पुत्र गोपाल, निवासी शास्त्री नगर, थाना कविनगर, गाजियाबाद के रूप में हुई है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी रजिस्ट्री के माध्यम से वादी से तीन करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की थी। मामले में वादी की शिकायत पर 27 अप्रैल 2026 को थाना जारचा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
8 आरोपी पहले हो चुके हैं गिरफ्तार
थाना जारचा पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में इससे पहले आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से पुलिस ने मंगलवार को वांछित आरोपी रमेश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना जारचा में इसी तरह की धोखाधड़ी के छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
