द न्यूज गली, नोएडा : स्कूटी टकराने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपित को फेस-1 कोतवाली पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। सेक्टर-3 स्थित पार्क में पुलिस से घिरने पर आरोपित ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित की पहचान नया बांस, सेक्टर-15 निवासी आफताब उर्फ तुस्सी के रूप में हुई है। पुलिस को बुधवार को सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में वांछित आफताब सेक्टर-3 के पार्क में छिपा हुआ है और वहां से भागने की फिराक में है। सूचना पर पहुंची पुलिस को पार्क के बाहर उसकी मोटरसाइकिल खड़ी मिली। पुलिस टीम ने पार्क में तलाश शुरू की तो आफताब अपने साथी के साथ भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है।
स्कूटी टकराने के विवाद में हुई थी युवक की मौत
पुलिस के मुताबिक, आठ और नौ नवंबर की रात स्कूटी टकराने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान अमित के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जबकि शिवम भी घायल हुआ था। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया था। शिवम का उपचार जारी है। मामले में फेस-1 कोतवाली में हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपित के खिलाफ पहले से तीन अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा र
ही है।
