द न्यूज गली, नोएडा : थाना फेस-3 पुलिस ने साइबर अपराधियों को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी कंपनियों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उन्हें डिजिटल अरेस्ट और ट्रेडिंग/निवेश के नाम पर ठगी करने वाले साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। गिरोह के कब्जे से सात मोबाइल फोन, एक चेकबुक, चार लेटरहेड और एक स्टांप बरामद किया गया है।
इनकी हुई धरपकड़
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान अजब सिंह, प्रदीप, गुलाब सिंह लोधी, कौशल, सचिन, जिनेंद्र सिंह और प्रियंका के रूप में हुई है। सभी को गोपनीय सूचना और बीट पुलिसिंग के दौरान थाना फेस-3 क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से जिन खातों की जानकारी मिली है वह खाते 74 जिलों में हुई ठगी की घटनाओं से जुड़े मिले हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी कंपनियों के नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद व्हाट्सएप और टेलीग्राम कॉल का इस्तेमाल कर आरोपी ठगी की घटना को अंजाम देते थे।
