द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-3 में उद्यानिकी कार्यों में लापरवाही और खराब गुणवत्ता का पाथवे बनाए जाने पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई की है। प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस के निरीक्षण में खामियां मिलने के बाद संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और उसकी ईएमडी जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही करीब 10 दिन पहले बने पाथवे को उखाड़कर दोबारा निर्माण कराने का आदेश दिया गया है।

निवासियों ने की थी शिकायत
शनिवार को सेक्टर-3 के ए ब्लॉक में निवासियों की शिकायत पर एसीईओ ने निरीक्षण किया। इस दौरान पार्कों में घास बढ़ी हुई मिली। आंधी और बारिश के बाद पेड़ों की टूटी शाखाएं नहीं हटाई गई थीं। कई झूले भी क्षतिग्रस्त पाए गए। निरीक्षण के दौरान हाल ही में बनाए गए पाथवे के शोल्डर की गुणवत्ता जांची गई, जो परीक्षण करते ही टूट गया। इससे निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की आशंका जताई गई।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि पेड़ों के आसपास गुड़ाई नहीं की गई थी। पौधों को समय पर पानी और खाद नहीं दी जा रही थी। लंबे समय से छंटाई न होने के कारण पेड़ों की शाखाओं ने स्ट्रीट लाइट और पार्क लाइट को भी ढक रखा था।

लापरवाही पाए जाने पर एसीईओ ने मैसर्स अतर सिंह को ब्लैकलिस्ट करने और उसकी ईएमडी जब्त करने के निर्देश दिए। वहीं, मैसर्स एस.आर. एसोसिएट्स को पाथवे उखाड़कर दोबारा निर्माण कराने को कहा गया है। पाथवे निर्माण की निगरानी के लिए उप महाप्रबंधक को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उद्यान संबंधी कार्य दो दिन के भीतर सहायक निदेशक ज्ञानेंद्र यादव की देखरेख में पूरे कराने के निर्देश दिए गए हैं।

उद्यान कार्यों में लापरवाही के चलते वरिष्ठ प्रबंधक उद्यान रामकुमार से विभाग का चार्ज भी वापस ले लिया गया है। एसीईओ ने ठेकेदारों और अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में खामियां मिलने पर संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।