द न्यूज गली, नोएडा : थाना सेक्टर-20 पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से चोरी की गई 11 मोटरसाइकिलें, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर-28 क्षेत्र में घेराबंदी कर सोनू हलदर और नाजिम को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी वर्तमान में छलेरा गांव में रह रहे थे।

पुलिस पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर की गई कार्रवाई में 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। जांच में सामने आया कि बरामद वाहनों में कई मोटरसाइकिलें दिल्ली के ज्योति नगर, न्यू अशोक नगर, बदरपुर और समयपुर बादली थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। इन मामलों में संबंधित थानों में एफआईआर भी दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार 23 वर्षीय सोनू हलदर के खिलाफ पहले से चोरी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं 20 वर्षीय नाजिम पर भी चोरी और आर्म्स एक्ट से संबंधित तीन मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।