द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ईटा-1 सेक्टर निवासी 73 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक ने उनके संयुक्त बैंक खाते से चोरी हुए चेक का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी से रकम निकालने के प्रयास की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता अरुण शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनका और उनकी पत्नी शबनम शर्मा का संयुक्त बचत खाता HDFC Bank की अल्फा कमर्शियल बेल्ट शाखा में है। 11 मई 2026 को उन्हें बैंक की फरीदाबाद शाखा से सूचना मिली कि उनके खाते से 4 लाख 68 हजार 600 रुपये निकालने का प्रयास किया गया है। बैंक अधिकारियों को चेक पर किए गए हस्ताक्षरों पर संदेह हुआ, जिसके चलते भुगतान रोक दिया गया।

गायब मिले कुछ चेक
सूचना मिलने पर दंपति ने अपनी चेकबुक की जांच की तो उसमें से कुछ चेक गायब मिले। आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने शबनम शर्मा के जाली हस्ताक्षर कर चेक के माध्यम से रकम निकालने का प्रयास किया। बैंक की सतर्कता के कारण भुगतान नहीं हो सका और खाते की धनराशि सुरक्षित बच गई।

अरुण शर्मा के अनुसार जांच के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उनके पूर्व किरायेदार कमलेश गामी की इस मामले में भूमिका हो सकती है। उन्होंने बताया कि चेक का उपयोग करने वाले व्यक्ति ने तनुज कुमार के नाम से HDFC Bank की मथुरा शाखा में बैंक खाता खुलवा रखा है।

पीड़ित ने बताया कि चेकबुक की दोबारा जांच करने पर चार और चेक गायब पाए गए। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।