-सरकार की योजना का लाभ लेने के बाद भी प्रोजेक्‍ट नहीं बढ़ाया आगे
-प्रोजेक्‍ट में फंसे हुए 8856 फ्लैट खरीदार

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नोएडा-ग्रेटर नोएडा के फ्लैट खरीदारों का मामला मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ तक पहुंचा था, मामले का हल निकालने के लिए सरकार ने बिल्‍डरों को कुछ राहत दी थी। जिसके बाद विभिन्‍न बिल्‍डरों के प्रोजेक्‍ट आगे बढ़े और फ्लैटों की रजिस्‍ट्री शुरू हुई। कई बिल्‍डर ऐसे भी थे जिन्‍होंने सरकार की योजना का लाभ तो लिया लेकिन प्रोजेक्‍ट को आगे नहीं बढ़ाया। इन बिल्‍डरों के प्रोजेक्‍ट में 8856 फ्लैट खरीदार फंसे हुए हैं। बिल्‍डरों को कई बार नोटिस भी दिया जा चुका है। ऐसे 14 बिल्‍डरों से लगभग 315 करोड़ रुपए की वसूली के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया है।

यह हैं बिल्‍डर प्रोजेक्‍ट
सरकार के द्वारा दी गई राहत नीति के बाद भी 14 बिल्‍डरों ने अपने प्रोजेक्‍ट को आगे नहीं बढ़ाया। इन बिल्‍डरों से पैसों की वसूली होगी। इसमें आइडियल रियल्‍टी, टाउनपार्क बिल्‍डकॉन, एसपीजे इंफ्राकॉन, एसडीएस इंफ्राटेक, इनटेलेक्‍ट प्रोजेक्‍ट्स, निवास प्रमोटर्स, बीएस बिल्‍डटेक, हेबे इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर, न्‍यू टेक लॉ पलासिया, अर्थकॉन कंस्‍ट्रक्‍शन, विहान डेवलपर्स व धन्‍य प्रोमोटर्स बिल्‍डर हैं। सरकार की योजना का लाभ लेने के बाद भी इन बिल्‍डरों ने न तो बकाया पैसा जमा किया और न ही अपने प्रोजेक्‍ट को आगे बढ़ाया।