-2019 में गौतमबुद्ध नगर से लड़ा था लोकसभा चुनाव
-समाजवादी पार्टी में जाने की चर्चा तेज

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच पार्टियों में राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है। पूर्व मुख्‍यमंत्री मायावती के गृह जनपद गौतमबुद्ध नगर में बसपा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व लोकसभा प्रत्‍याशी सतवीर नागर को पार्टी से बाहर का रास्‍ता दिखा दिया है। उन पर यह कार्रवाई पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्‍त होने के कारण हुई है। उनके ऊपर हुई कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।ज्ञात हो कि सतवीर नागर 2019 लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा गदबंधन के उम्‍मीदवार थे। चुनाव में अच्‍छा प्रदर्शन करते हुए उन्‍होंने 4,93,890 वोट प्राप्‍त किया था।

सपा में जाने की चर्चा
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सतवीर ने सपा में जाने की तैयारी कुछ माह पूर्व ही शुरू कर दी थी। बसपा ने उन्‍हें नोटिस भी जारी किया था लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ था। बताया जा रहा है कि सपा से एमएलसी उदयवीर सिंह व पूर्व मंत्री कमाल अख्‍तर के द्वारा सतवीर को जल्‍द ही सपा ज्‍वाइन कराया जाएगा। एक चर्चा और चल रही है कि विधानसभा चुनाव 2027 में उन्‍हें हसनपुर विधानसभा सीट से सपा प्रत्‍याशी भी बनाया जा सकता है। जिसका प्रमुख कारण है कि हसनपुर में गुर्जर समाज का बड़ा वोट बैंक है।