द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना इकोटेक-3 पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, दो तमंचे, नौ जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर प्लेट की फॉर्च्यूनर कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर खैरपुर गोल चक्कर के पास सर्विस रोड पर कार्रवाई की गई। इस दौरान राहुल यादव, यश नागर, अभिषेक उर्फ अन्नू और जोगेन्द्र उर्फ हैप्पी को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान राहुल यादव के पास से एक .32 बोर की अवैध पिस्टल और तीन कारतूस, यश नागर के पास से एक .32 बोर की अवैध पिस्टल और दो कारतूस, अभिषेक उर्फ अन्नू के पास से एक .315 बोर का तमंचा और दो कारतूस तथा जोगेन्द्र उर्फ हैप्पी के पास से एक .315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक फॉर्च्यूनर कार भी मिली।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी यश नागर थाना इकोटेक-3 का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में राहुल यादव निवासी होशियारपुर, यश नागर निवासी सादुल्लापुर, अभिषेक उर्फ अन्नू निवासी मिल्क लच्छी और जोगेन्द्र उर्फ हैप्पी निवासी जलालपुर शामिल हैं।